अवैध होर्डिंग-पोस्टर लगाने वालों पर अब रोजाना होगी कार्रवाई, निगम ने चलाया विशेष अभियान
नगर निगम की टीमों ने शहर के मुख्य मार्गों से हटाए अवैध होर्डिंग व पोस्टर, रोजाना होगी कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने जारी किए आदेश, सभी वार्डों में अवैध विज्ञापन हटाने के साथ काटे जाएंगे चालान
यमुनानगर। शहर की सुंदरता बिगाड़ने और सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध रूप से होर्डिंग, बैनर व पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम अब शहर में रोजाना विशेष अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग, विज्ञापन, बैनर और पोस्टर हटाएगा। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रोजाना चालान की कार्रवाई भी की जाएगी। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर सोमवार को नगर निगम द्वारा यह विशेष अभियान शुरू किया गया।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को आदेश जारी किए कि हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1989 और हरियाणा म्यूनिसिपल एडवर्टाइजमेंट बायलॉज, 2022 के प्रावधानों के तहत यह अभियान चलाया जाए। उन्होंने निगम के सभी मुख्य सफाई निरीक्षको को उनके संबंधित वार्डों और जोन में अवैध होर्डिंग, बिलबोर्ड, पोस्टर, बैनर और अन्य अनधिकृत विज्ञापनों को तुरंत हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसके चलते सोमवार को वार्ड एक से 7 तक मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, वार्ड 8 से 15 तक मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा और वार्ड 16 से 22 में मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे रोड, जगाधरी वर्कशॉप रोड, पुराना नेशनल हाईवे जगाधरी यमुनानगर रोड, अंबाला रोड, गोविंदपुरी रोड समेत अन्य मार्गों पर सड़क किनारे व डिवाइडर पर पोल, पेड़ों, खंभों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग पोस्टर व अन्य विज्ञापन सामग्री हटाई गई।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि केवल अवैध विज्ञापन हटाने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ प्रतिदिन चालान भी किए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
-------
सहायक अभियंता को प्रतिदिन देनी होगी रिपोर्ट -
इस पूरे विशेष अभियान की निगरानी करने और प्रतिदिन की कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी आयुक्त महाबीर प्रसाद ने सहायक अभियंता (एडवर्टाइजमेंट) को दी गई है। जो रोजाना दिनभर में हटाए गए होर्डिंग, पोस्टर, बैनर आदि को हटाने, कहां से इन्हें हटाया गया, कोई चालान किया है या नहीं, इसकी रिपोर्ट आयुक्त को सौंपेंगे।
----------
सड़क सुरक्षा व शहर की सुंदरता को लेकर उठाया कदम -
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि निगम प्रशासन का यह कदम अदक सुरक्षा, शहर की सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को अवैध विज्ञापनों से मुक्त करने के साथ-साथ शहर की सुंदरता बनाए रखने की दिशा में चलाया गया है। होर्डिंग या अन्य विज्ञापन सामग्री लगाने के लिए निगम द्वारा कुछ स्थान निर्धारित किए गए है। निर्धारित फीस जमा करवा कर कोई भी निर्धारित स्थानों पर होर्डिंग, पोस्टर, बैनर लगा सकता है।
फोटो - शहर की सड़को पर लगे अवैध होर्डिंग व पोस्टर हटाते निगम कर्मी।
जानकारी देते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।