25 वर्षीय महिला की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुग्राम पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी
भागने की कोशिश में टूटे आरोपी के दोनों पैर
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 26 जून । 12 जून में एक व्यक्ति ने थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम में शिकायत के माध्यम से बतलाया कि यह बरेली (उत्तर-प्रदेश) का रहने वाला है तथा गांव सिकंदरपुर सैक्टर-85, गुरुग्राम में किराए पर रहता है। इसकी पत्नी शबीना (उम्र-25 वर्ष) 8 जून को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। शिकायत पर थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
जांच के दौरान 13 जून को गुमशुदा महिला का शव पुलिस चौकी सैक्टर-93, गुरुग्राम क्षेत्र में मिला। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर 17 जून को उपरोक्त अभियोग में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी गई।
अपराध शाखा मानेसर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी की पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार के प्रयास किए। 21 जून को पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए रामपुरा चौक पर गई जहां पर आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी सड़क किनारे ड्रेन में गिर गया। जिसके बाद आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा 24 जून को आरोपी को अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान दीपू राय (उम्र-28 वर्ष) निवासी नेताजी कॉलोनी सिलिगुड़ी जिला दार्जिलिंग (पश्चिम-बंगाल) हाल निवासी सांगली मेस महात्मा ज्योतिबा फूले मार्ग, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस जांच व पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी सैक्टर-89, गुरुग्राम में टॉयलेट सफाई का काम करता है। मृतक महिला कूड़ा बीनने का काम करती थी। 9 जून को सुबह महिला जब कूड़ा बीनने निकली तो सुबह लगभग 4 बजकर 30 मिनट पर अंतरिक्ष चौक नजदीक सैक्टर 89, गुरुग्राम पर आरोपी की महिला के किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और झगड़ा हुआ। जब महिला ने शोर मचाया तो आरोपी ने महिला की चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।