एसपी पलवल दीप्ति गर्ग के कुशल निर्देशन में पलवल पुलिस का अवैध हथियारों की तस्करी पर बड़ा प्रहार।
Aonenews अरविन्द बक्शी
एएनसी स्टाफ ने अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ कर तीन शातिर हथियार सप्लायरों को दबोचा, 9 अवैध पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 9 जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद।
पुलिस अधीक्षक पलवल ने एएनसी स्टाफ प्रभारी सहित टीम में शामिल 6 जवानो को किया पुरस्कृत।
जिले में अमन-चैन, कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराध मुक्त वातावरण तैयार करना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, तस्करी और ऐसे गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की धरपकड़ व अपराध की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) स्टाफ दिघोट की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से कुल 9 अवैध पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 9 जिंदा रौंद (कारतूस), दो मोबाइल फोन तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एएनसी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक हनीश खान ने बताया कि दिनांक 8 अक्टूबर 2026 को एएनसी स्टाफ दिघोट के मुख्य सिपाही राकेश कुमार अपनी टीम सहित सरकारी गाड़ी में अपराध रोकथाम हेतु गश्त पर मौजूद थे। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम बारात घर मिण्डकोला के सामने सिलाणी रोड पर पहुंची, तो गुप्त सूचना मिली कि उमेश उर्फ जोनी निवासी मिण्डकोला अवैध हथियार रखने व सप्लाई करने का आदी है। सूचना के अनुसार वह बाम्बे टोल प्लाजा की तरफ से अवैध हथियार लेकर अपनी प्लैटिना मोटरसाइकिल पर केएमपी पुल सिलाणी रोड से होकर अपने गांव जाने वाला है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने केएमपी पुल के नीचे नाकाबंदी की। कुछ ही देर में आरोपी उमेश मोटरसाइकिल लेकर पहुंचा, लेकिन पुलिस को देखकर घबराकर भागने का प्रयास करते समय फिसलकर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत मौके की वीडियोग्राफी कराते हुए तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी से 1 देसी कट्टा (.315 बोर) तथा 4 जिंदा रौंद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इस संबंध में थाना हथीन में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और जांच पी/एसआई आलोक कुमार को सौंपी गई।
पूछताछ के आधार पर टीम ने दिनांक 9 अक्टूबर 2026 को दूसरे सह-आरोपी पंकज उर्फ कल्लू उर्फ दलीप निवासी नगरिया, कोसी कलां को गिरफ्तार किया। आरोपी पंकज की निशानदेही पर उसके पट्टे के खेत में बने कोठे की छत से 4 अवैध पिस्टल व 5 जिंदा रौंद बरामद किए गए।
गहन तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को तीसरे मुख्य आरोपी सारुक उर्फ भुर्रा पुत्र इलियास, निवासी नंगला सिरोली (शाहपुर बांगर) कोसी हाल सिरोली, नूंह को गिरफ्तार किया। अदालत से 3दिन पुलिस हिरासत रिमांड हासिल कर जब आरोपी सारुक से कड़ी पूछताछ की गई, तो उसकी निशानदेही पर उटावड़-मालुका रोड पर खेत में मिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई 5 अन्य अवैध पिस्टल बरामद की गईं।
*अपराधिक रिकॉर्ड* आरोपी सारुक उर्फ भुर्रा के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, जानलेवा हमला आदि संगीन धाराओं के तहत आधा दर्जन से अधिक (7) मामले दर्ज है।
*आरोपियों का आपराधिक नेटवर्क और आगामी कार्रवाई:*
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अन्य राज्यों मध्य प्रदेश (इंदौर) व उत्तर प्रदेश (मथुरा, अलीगढ़) से अवैध हथियार खरीदकर इलाके में सप्लाई करते थे। पुलिस पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े कई अन्य सहयोगियों और खरीदारों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
माननीय अदालत के आदेशानुसार तीनों आरोपियों उमेश उर्फ जोनी, पंकज उर्फ कल्लू तथा सारुक उर्फ भुर्रा को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पलवल पुलिस द्वारा गिरोह में शामिल अन्य सभी आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास लगातार जारी हैं।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने पलवल पुलिस को मिली सफलता पर एएनसी स्टाफ प्रभारी सहित टीम में शामिल 6 जवानो( SI हनीश खान, HC राकेश कुमार,EHC संदीप, सिपाही अनिल, सचिन व नवीन) को हौसला बढ़ाने हेतु पुरस्कृत कर कहा कि जिले में अमन-चैन, कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराध मुक्त वातावरण तैयार करना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, तस्करी और ऐसे गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार अथवा नशा तस्करी की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।