कोडरमा पुलिस ने 167.400 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ महिंद्रा XUV500 पकड़ी, समस्तीपुर का चालक गिरफ्तार
कोडरमा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोडरमा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सतगावां थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 167.400 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब लदी महिंद्रा XUV500 गाड़ी जब्त की है। साथ ही वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 13 हजार 850 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कोडरमा के निर्देशानुसार 18 नवंबर 2026 की रात गुप्त सूचना मिली थी कि महिंद्रा XUV500 (रजिस्ट्रेशन नंबर JH10AH0063) में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर सतगावां के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद सतगावां थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सतगावां थाना क्षेत्र के सतबहना स्थित बिहार जाने वाले रास्ते पर वाहन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही संदिग्ध XUV500 को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से ऑफिसर चॉइस व्हिस्की की 180 एमएल की 630 बोतल और रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 72 बोतल बरामद की गई।
गिरफ्तार चालक की पहचान शिवकुमार राय, पिता स्वर्गीय भुट राय, निवासी रामपुर संभू, थाना अंगारघाट, जिला समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। इस मामले में सतगावां थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 18.11.2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उत्पाद अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।