जिला मुख्यालय कुल्लू में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को धूमधाम से मनाया जाएगा, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
Kullu Times
स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में 15 अगस्त 2026 को धूमधाम से मनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यवाहक उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समारोह की तैयारियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।उपायुक्त ने बताया कि जिलास्तरीय समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस के अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, होमगार्डस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स और रोवर्स एंड रेंजर्स की टुकड़ियां भव्य परेड में भाग लेंगी। समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, विभिन्न शिक्षण संस्थानों और अन्य संस्थाओं के कलाकार देशभक्ति व लोक नृत्य प्रस्तुत करके जनसमूह का भरपूर मनोरंजन करेंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिला स्तरीय समारोह के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए आयोजन स्थल पर पर्याप्त प्रबंध होने चाहिए तथा मुख्य मंच के अलावा दर्शकों को बैठने के लिए भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों को बिजली, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है। इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना हरेक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कुल्लू वासियों से जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने की अपील की।उन्होंने कहा कि आजादी के इस महापर्व के उपलक्ष्य पर जिला प्रशासन द्वारा उल्लेखनीय उत्कृष्ट कार्य, एवं उपलब्धि अर्जित करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।इस अवसर पर सहायक आयुक्त डॉ जयबन्ती ठाकुर, तहसीलदार नितेश, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Aug 7, 2026