पच्छाद में जयराम ठाकुर का कांग्रेस सरकार पर हमला, जनप्रतिनिधियों से भाजपा के पक्ष में जुटने का आह्वान
राजगढ़, सिरमौर। सराहा में आयोजित जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के पक्ष में सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पच्छाद क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और कई संस्थान बंद किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंद किए गए संस्थानों को दोबारा खोलने का प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन में सांसद सुरेश कश्यप और पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और चुनावी वादों को लेकर हमला बोला।
इस दौरान जयराम ठाकुर ने भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।