खांसी-बुखार को हल्के में न लें! मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई एच1एन1 की आरटी-पीसीआर जांच
हरदोई। मौसम में बदलाव के साथ वायरल संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच हरदोई मेडिकल कॉलेज से राहत भरी खबर सामने आई है। यहां अब स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण की आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे उन मरीजों की जांच मेडिकल कॉलेज में ही हो सकेगी, जिनमें स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। अब तक जांच की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण संदिग्ध मरीजों को बीमारी की पुष्टि के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी।मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इन दिनों बुखार, खांसी, जुकाम और सांस से जुड़ी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें कुछ मरीजों में एच1एन1 संक्रमण से मिलते-जुलते लक्षण भी सामने आ रहे थे। हालांकि जांच उपलब्ध नहीं होने के कारण डॉक्टरों को कई मामलों में लक्षणों के आधार पर ही उपचार करना पड़ रहा था।
*सोमवार से ही सैंपल की जांच शुरू कर दी गई है*
मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. जेबी गोगोई और मीडिया प्रभारी डॉ. शिवम यादव ने सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे संयुक्त रूप से जांच सुविधा शुरू होने की जानकारी दी। माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष अदिती गर्ग के अनुसार सोमवार से ही सैंपल की जांच शुरू कर दी गई है। अब संदिग्ध मरीजों के नमूने मेडिकल कॉलेज की प्रयोगशाला में लिए जाएंगे और वहीं उनकी जांच की जाएगी।जांच व्यवस्था के लिए चिकित्सकों और लैब कर्मचारियों की टीम भी तैयार की गई है। सीनियर रेजिडेंट डॉ. सुशील मिश्रा और डॉ. एकता सिंह जांच प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं लैब तकनीशियन अवनीश कुमार, कमलेश कुमार, अविनाश कुमार, सर्वेश कुमार और ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह को सैंपल लेने और जांच की जिम्मेदारी दी गई है। लैब सहायक अभय कुमार भी टीम का हिस्सा होंगे।प्रधानाचार्य डॉ. गोगोई ने बताया कि जांच सुविधा शुरू होने से संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान हो सकेगी। रिपोर्ट मिलने में होने वाली देरी कम होगी और जरूरत पड़ने पर मरीज का उपचार भी समय रहते शुरू किया जा सकेगा। इससे मरीजों को जांच के लिए दूसरी जगह जाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
Hardoi, Hardoi | Sep 7, 2026