#भरतपुर। बयाना कस्बे के बजरिया स्थित होटल पार्क रीजेंसी में रविवार को गुर्जर कर्मचारी-अधिकारी परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र तंवर के मुख्य आतिथ्य में हुए इस कार्यक्रम में हाल ही में राजस्थान प्रशासनिक सेवा, कॉलेज प्रोफेसर और स्कूल व्याख्याता पदों पर चयनित हुए समाज के प्रतिभावान युवाओं को दुपट्टा ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में आरएएस अधिकारी सचिन गुर्जर व नारद गुर्जर, कॉलेज प्रोफेसर डॉ. जगत सिंह व डॉ. गजेंद्र सिंह सहित व्याख्याता यजुवेंद्र छाबड़ी, अवधेश सिंह और जसवंत सिंह का सम्मान हुआ। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र तंवर ने जयपुर में निर्माणाधीन संस्था के नए भवन की जानकारी दी, जो समाज के शैक्षणिक और सामाजिक कार्यों का केंद्र बनेगा। उन्होंने समाज के लोगों से युवाओं को शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जयपुर में भवन निर्माण के लिए समाज के लोगों ने खुलकर आर्थिक सहयोग किया, जिसमें वीरेंद्र बुढवार ने एक लाख रुपए, जबकि मुकेश सूपा, सुभाष सालाबाद और डॉ. गजेंद्र सिंह ने 51-51 हजार रुपए की सहयोग राशि दी। इसके साथ ही कई अन्य प्रबुद्धजनों ने 11-11 हजार रुपए का योगदान देकर संगठन की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। इस बैठक में वीरेंद्र कसाना, मुनीम सिंह और सत्यप्रकाश छाबड़ी सहित समाज के बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।