#भरतपुर। नदबई कस्बे के हाट बाजार में भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा दाऊजी मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंची, जहां जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर इसका भव्य स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भजनों पर थिरकती हुई शामिल हुईं। कथा स्थल पर आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना कराई गई। कथा के पहले दिन कथा वाचक आचार्य शशिकांत शास्त्री ने भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है। इसके श्रवण से मन की शुद्धि होती है और भागदौड़ भरी जिंदगी में शांति व संतोष मिलता है। कथा के दौरान पूरा पंडाल भगवान के जयकारों से गुंजायमान रहा और अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।