गुलामऊ में आयोजित हुई कांग्रेस की जन आशीर्वाद बैठक, ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा
हरदोई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुलामऊ में कांग्रेस पार्टी की ओर से “जन आशीर्वाद बैठक” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस हरदोई के जिला अध्यक्ष मोहन सिंह ने की। बैठक में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी हरदोई के अध्यक्ष विक्रम पांडे, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव आशीष पाल, पूर्व प्रधान राधेश्याम तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांव, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा तथा हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रही है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करने की बात कही। साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मोहन सिंह ने कहा कि जन आशीर्वाद बैठक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को सुनकर उन्हें संबंधित मंचों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को कांग्रेस नेताओं के समक्ष रखा। नेताओं ने समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।