Bokaro News : नन्हे दिलों की होगी मुफ्त सर्जरी, कोच्चि के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने शुरू की स्क्रीनिंग
#Bokaro #BokaroNews #JharkhandHealth #NHM #ChildHeartSurgery
Bokaro: जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित बच्चों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड सरकार ने विशेष अभियान शुरू किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 18 वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग कर जरूरतमंद बच्चों की निःशुल्क सर्जरी कोच्चि स्थित विशेषज्ञ अस्पताल में कराई जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा ने शनिवार को बोकारो परिसदन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोकारो में आयोजित स्क्रीनिंग शिविर में कोच्चि से आए विशेषज्ञ कार्डियक सर्जनों द्वारा बच्चों की जांच की जा रही है। अब तक करीब 120 बच्चों की स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है, जबकि जांच प्रक्रिया अभी जारी है।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद जिन बच्चों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें चयनित कर विशेषज्ञ अस्पताल में नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य स्तर पर एक वर्ष में लगभग 1000 बच्चों की स्क्रीनिंग और सर्जरी कराने का लक्ष्य रखा गया है।
##समय पर पहचान से बचाई जा सकती है बच्चों की जिंदगी
मिशन निदेशक ने कहा कि जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित सभी बच्चों को सर्जरी की आवश्यकता नहीं होती। विशेषज्ञ चिकित्सक जांच के आधार पर तय करते हैं कि किस बच्चे को तत्काल ऑपरेशन चाहिए, किसे बाद में उपचार की जरूरत होगी और किन बच्चों का इलाज दवाओं से संभव है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में हृदय रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। आरबीएसके की टीमें ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ रही हैं।
##स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
शशि प्रकाश झा ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को सदर अस्पताल में बर्थ वेटिंग रूम की व्यवस्था, प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की 48 घंटे तक निगरानी और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
उन्होंने ट्रॉमा सेंटर को अनुमंडलीय अस्पताल में संचालित करने, बर्न यूनिट व पंचकर्म इकाई शुरू करने तथा ममता वाहन और 108 एंबुलेंस सेवा को बेहतर तरीके से संचालित करने पर भी जोर दिया। बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा, डीडीसी शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
Chas, Bokaro | Jul 18, 2026