हरिद्वार,लक्सर-खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा नें लक्सर में 251 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह कराया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में गायक बी प्राक, मासूम शर्मा, आचार्य बालकृष्ण, शेरा, मीका सिंह, अल्तमश और अवध ओझा समेत कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं। एक ही पंडाल में विवाह और निकाह संपन्न होने के इस आयोजन में हजारों लोग दूर-दूर से शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में पहुंचे आचार्य बालकृष्ण ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक साथ 251 निर्धन बेटियों का विवाह और निकाह कराना बेहद सराहनीय कार्य है। इसके लिए विधायक उमेश कुमार शर्मा बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसा उदाहरण है, जहां किसी विधायक द्वारा एक हजार से अधिक बेटियों के विवाह कराने का सिलसिला चला हो। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग ऐसे सामाजिक आयोजन में भी कमियां निकाल रहे हैं, उन्हें आलोचना करने के बजाय आगे आकर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए।
खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने कहा कि आज का दिन उनके लिए ऐतिहासिक है, जहां एक ही पंडाल में विभिन्न धर्मों की बेटियों का विवाह और निकाह संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए आर्थिक और सामाजिक सहारा देना इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी बेटी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
आयोजन में 251 शादियों के पंजीकरण के बावजूद कुल 265 शादियां एक ही पंडाल में संपन्न कराई गईं। कार्यक्रम की लोगों ने जमकर प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक एकता और सेवा का ऐतिहासिक उदाहरण बताया।
Kichha, Udham Singh Nagar | Nov 24, 2026