शंकर बाजार कर्वी में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, निकली कलश यात्रा
चित्रकूट। शंकर बाजार, कर्वी में मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा के सात दिवसीय आयोजन का भव्य शुभारंभ हुआ। वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक पवनदास जी के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसमें सैकड़ों भक्त शामिल हुए।
कलश यात्रा चकरेही चौराहा से होते हुए गंगा जी तक निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। वृंदावन से पधारे कथावाचक पवनदास जी का लक्ष्मणदास सोनी सहित सोनी परिवार ने भव्य स्वागत एवं पूजन किया।
सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में मुख्य परीक्षित सर्राफा व्यवसायी किशनचंद राधिका सोनी रहेंगे। कथा का आयोजन वृंदावन से पधारे कथावाचक पवनदास जी के मुखारविंद से किया जाएगा।
कार्यक्रम में समाजसेवी शानू गुप्ता ने शामिल होकर सोनी परिवार को श्रीमद्भागवत कथा आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, संस्कार और आपसी सद्भाव की भावना मजबूत होती है।