दल-बदल पर बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट-—एक-दो लोगों के जाने से पार्टी पर असर नहीं-
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल की चर्चाओं ने सियासत गरमा दी है। रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी के बाद हरक सिंह रावत ने दावा किया था कि बीजेपी का एक और वरिष्ठ नेता कांग्रेस के संपर्क में है। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष है, अनेकों लोग उधर से भी आएंगे और कुछ महत्वाकांक्षी यहां से भी जाएंगे। जो चला जाता है, उस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करनी है। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का बचा हुआ कुनबा भी टूटेगा, वहां से कई लोग बीजेपी में आएंगे। पार्टी विचार कर रही है कि किसे लेना है और किसे नहीं। बहुत जल्द तस्वीर साफ हो जाएगी। एक-दो लोगों के जाने से भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।