अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में एंटी चिट्टा अभियान के तहत प्रस्तुत होंगे नुक्कड़ नाटक: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
उपायुक्त एवं अध्यक्ष मिंजर मेला समिति मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत विशेष नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां राजकीय महाविद्यालय चम्बा के विद्यार्थियों तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चम्बा के प्रशिक्षु चिकित्सकों द्वारा दी जाएंगी, ताकि समाज विशेषकर युवाओं तक चिट्टा जैसे घातक नशे से दूर रहने का प्रभावी संदेश पहुंचाया जा सके।
उपायुक्त आज अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान न्यू बस स्टैंड चम्बा में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएगी, जिसके माध्यम से विभिन्न नाटकों सहित जनहित संदेशों का प्रसारण किया जाएगा।
बैठक में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन, यातायात व पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का आयोजन सफल बनाया जा सकें।
उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां भी समय रहते पूरी की जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
बैठक का संचालन करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने उपायुक्त को अवगत कराया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की अधिकांश तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और शेष कार्य भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिए जाएंगे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त, जिला भाषा अधिकारी तूकेश शर्मा व कनिष्ठ अभियंता नितिका ठाकुर उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Jul 23, 2026