इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में शहीद भगत सिंह जयंती पर NSUI ने विश्वविद्यालय में निकाली यात्रा, भगत सिंह चौक पर अर्पित की पुष्पमालाएं; चौक का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने की मांग
रवि मसीत के नेतृत्व में NSUI ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, विश्वविद्यालय परिसर में शहीद भगत सिंह के विचारों को सम्मान देने की अपील
रेवाड़ी, 28 सितंबर। शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती के अवसर पर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में NSUI द्वारा छात्र नेता रवि मसीत के नेतृत्व में एक यात्रा निकाली गई। इस दौरान NSUI कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने शहीद भगत सिंह के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। यात्रा के उपरांत मीरपुर स्थित भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह को पुष्पमालाएं अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर NSUI छात्र नेता रवि मसीत के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के कुलपति को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के परिसर में स्थित चौक का नामकरण शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के नाम पर किया जाए, ताकि विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उनके क्रांतिकारी विचारों, त्याग, साहस और देशभक्ति से प्रेरणा मिल सके। NSUI ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में शहीद भगत सिंह के नाम पर चौक का नामकरण करना उनके बलिदान और विचारधारा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक कदम होगा।
मसीत ने कहा — युवाओं के आदर्श हैं शहीद भगत सिंह
छात्र नेता रवि मसीत ने कहा कि शहीद भगत सिंह केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए क्रांति, साहस, समानता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उनके विचार आज भी युवाओं को समाज में व्याप्त अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं।
रवि मसीत ने कहा हमारा उद्देश्य केवल शहीद भगत सिंह की जयंती मनाना नहीं, बल्कि उनके विचारों को विद्यार्थियों के बीच जीवित रखना है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक चेतना और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का केंद्र भी है। यदि विश्वविद्यालय परिसर के चौक का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाता है, तो यह आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान की याद दिलाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि NSUI विद्यार्थियों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। शहीद भगत सिंह के विचारों से प्रेरणा लेकर युवाओं को शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए जागरूक होना चाहिए।
NSUI प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन और उनका संघर्ष देश के प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में ऐसे महापुरुषों के नाम पर स्थानों का नामकरण होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को अपने देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और क्रांतिकारियों के बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिले।
जितेंद्र यादव ने कहा कि भगत सिंह के विचारों को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों के जीवन और सामाजिक व्यवहार का हिस्सा बनाना चाहिए। विश्वविद्यालय में चौक का नाम उनके नाम पर रखने की मांग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से ज्ञापन पर सकारात्मक विचार करते हुए चौक का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने की मांग पर उचित निर्णय लेने की अपील की।हनी यादव गौरव शर्मा जयन्त विशाल भूपेन्द्र ईशांत हर्ष आशीष अक्की भूपेन्द्र सुभम यश राहुल राकेश निखिल भविष्य रीधी शर्मा जया झा सागर इत्यादि उपस्थित रहे
Rewari, Rewari | Sep 28, 2026