सीमा पार मानव तस्करी पर कसेगा शिकंजा, पंतनगर में कल होगा राज्य स्तरीय मंथन।
मानव तस्करी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अब और सख्त रणनीति बनाने जा रही है। 09 अक्टूबर 2026 को पंतनगर में राज्य स्तरीय मानव तस्करी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तराखंड समेत छह राज्यों के पुलिस अधिकारी, नेपाल की सामाजिक संस्था ‘मैती’ के प्रतिनिधि, सुरक्षा एजेंसियां, अर्धसैनिक बल और सामाजिक संगठनों सहित करीब 134 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मंथन का मुख्य फोकस सीमा पार और अंतरराज्यीय मानव तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई, पीड़ितों के रेस्क्यू और पुनर्वास तथा साइबर माध्यमों से होने वाली तस्करी पर रहेगा। सम्मेलन में उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में सामने आए मानव तस्करी के मामलों से मिले अनुभवों और चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में तैयारियां की जा रही हैं। विशेषज्ञ वक्ता तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों की पहचान और कानूनी कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। उत्तराखंड पुलिस का लक्ष्य बेहतर समन्वय के जरिए मानव तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।
Kichha, Udham Singh Nagar | Oct 8, 2026