*दो करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से पालिया में शीघ्र बनेगा नया अस्पताल : मंत्री श्री सिलावट*
---
*पालिया में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, कुष्ठ मुक्त समाज की दिलाई शपथ*
इंदौर, 5 अक्टूबर 2026
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की उपस्थिति में सेवा सेतु अभियान के तहत विकासखंड सांवेर के ग्राम पालिया में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सिविल हॉस्पिटल सांवेर एवं अरबिंदो अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
मंत्री श्री सिलावट ने शिविर में उपस्थित जनसमुदाय, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को कुष्ठ उन्मूलन की शपथ दिलाई। सभी ने अपने ग्राम, नगर, प्रदेश और देश को कुष्ठ मुक्त बनाने का संकल्प लिया। श्री सिलावट ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता आवश्यक है। उन्होंने घोषणा की कि पालिया की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही लगभग 2 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से नए पालिया अस्पताल का शिलान्यास एवं निर्माण कार्य किया जाएगा।
शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने एनडीडी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्कूली बच्चों को एल्बेंडाजोल टैबलेट के सेवन एवं इसके लाभों के बारे में बताया तथा 6 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने वाले आगामी अभियान की जानकारी भी दी। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. समर्थ शुक्ला, डॉ. सोमिल, पालिया के मेडिकल ऑफिसर डॉ. हेमंत रघुवंशी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
*490 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण*
शिविर में 490 मेडिकल रजिस्ट्रेशन किए गए तथा मरीजों का उपचार कर आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। 165 लोगों की आभा (ABHA) आईडी बनाई गई और आयुष्मान योजना की जानकारी दी गई। 48 लोगों की कुष्ठ रोग जांच की गई। 55 लोगों की नेत्र जांच कर जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए। 45 लोगों की ईएनटी जांच की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के अंतर्गत 300 एएनसी जांच की गई। दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड द्वारा प्रमाण-पत्र बनाने की कार्यवाही भी शिविर में की गई।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #SevaSetuAbhiyan #HealthCamp
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Tulsi Silawat