प्रदीप जाटव की मौ.त के मामले में पुलिस की तेज हुई जांच, जगह-जगह CCTV फुटेज खंगाले जा रहे, जल्द हो सकती है आरोपियों की गिरफ्तारी
मुरैना। ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल प्रदीप जाटव की ग्वालियर में उपचार के दौरान मौ.त के मामले में अब पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के वक्त का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस शहर में अलग-अलग स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि मा.रपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा सके।
जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर को वीआईपी रोड पर प्रेम प्रकाश प्लाजा के सामने प्रदीप जाटव और उसके चचेरे भाई आकाश के साथ बाइक सवार युवकों का ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद मा.रपीट में बदल गया। आरोप है कि युवकों ने दोनों भाइयों के साथ बेल्टों से मा.रपीट की और प्रदीप के सिर पर ईंट से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौ.त हो गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बाइक पर सवार युवकों के गुटों के बीच मा.रपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस अब घटनास्थल के अलावा आसपास के रास्तों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जुटा रही है, जिससे आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
वहीं, प्रदीप की मौ.त के बाद परिजनों ने कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर घेराव किया था और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। माना जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सकती है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
#morena #मुरैना #पुलिस