"स्वच्छ जल, समुचित उपचार - डायरिया से बचें हर बार" अभियान अंतर्गत ग्रामीणों को किया गया जागरूक
जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 16 जून से 31 जुलाई 2026 तक संचालित "स्वच्छ जल, समुचित उपचार - डायरिया से बचें हर बार" अभियान के अंतर्गत आज 06 जुलाई 2026 को झाबुआ जिले के विभिन्न विकासखंडों में जनजागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत विकासखंड झाबुआ एवं रामा के ग्राम वलोला, पारा एवं खरडू बड़ी में पेयजल स्रोतों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल जनित बीमारियों की रोकथाम, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं के साथ संवाद कर उन्हें शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा डायरिया एवं अन्य जल जनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने गांवों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर विकासखंड झाबुआ एवं रामा के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे तथा उन्होंने अभियान के उद्देश्यों एवं जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से स्वच्छता एवं जल संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अभियान के अंतर्गत जिले में आगामी दिनों में भी विभिन्न ग्रामों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल एवं जल संरक्षण संबंधी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
5 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Jul 6, 2026