जनजातीय बालिकाओं को मिला आधुनिक शिक्षा एवं आवास का नया परिसर
2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वीरांगना रानी दुर्गावती अजजा कन्या आश्रम के नवीन भवन का हुआ लोकार्पण
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने पेटलावद में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित 50 सीटर वीरांगना रानी दुर्गावती अनुसूचित जनजाति कन्या आश्रम (अंग्रेजी माध्यम) के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। लगभग 2 करोड़ 75 लाख 43 हजार रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त भवन जनजातीय बालिकाओं को सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जब जनजातीय अंचल की बेटियां महानगरों के विद्यार्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं, तो यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आवासीय सुविधाएं एवं समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि शासन ने छात्राओं के लिए आधुनिक परिसर उपलब्ध कराया है, अब इसे स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आश्रम भविष्य में अनेक प्रतिभाशाली छात्राओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस आश्रम को शीघ्र ही कक्षा 10वीं तक अंग्रेजी माध्यम में उन्नत करने के प्रयास किए जाएंगे।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से जनजातीय अंचलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से लंबित पदोन्नति की प्रक्रिया को गति देकर सरकार युवाओं के लिए रोजगार एवं उन्नति के नए अवसर सुनिश्चित कर रही है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रमेश सोलंकी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शासन संसाधन और अवसर उपलब्ध करा सकता है, लेकिन अपनी प्रतिभा और मेहनत से समाज एवं देश का नाम रोशन करने की जिम्मेदारी विद्यार्थियों की है। उन्होंने कहा कि इन्हीं छात्राओं में भविष्य की प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक और राष्ट्र के सर्वोच्च पदों पर पहुंचने वाली बेटियां तैयार होंगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने नवनिर्मित छात्रावास के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya #Jhabua #JansamparkMP