वर्षा ऋतु में मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग की विशेष कार्यवाही जारी
आमजन से सप्ताह में एक दिन जलभराव की जांच कर मच्छरों की उत्पत्ति रोकने की अपील
वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की स्थिति बनने से मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसे वाहक जनित रोगों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। इन बीमारियों की रोकथाम के लिए मच्छरों की उत्पत्ति को रोकना सबसे प्रभावी उपाय है। मच्छर सामान्यतः ठहरे हुए स्वच्छ पानी में अंडे देते हैं और लगभग सात दिनों में अंडे से लार्वा तथा लार्वा से वयस्क मच्छर बनकर बीमारी फैलाने लगते हैं। इसी कारण प्रत्येक सप्ताह घर एवं आसपास जमा पानी की जांच कर उसे तत्काल खाली करना आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला झाबुआ के निर्देशन में जिलेभर में डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर लार्वा सर्वे एवं फीवर सर्वे किया जा रहा है। पानी संग्रहित करने वाले कंटेनरों की नियमित जांच की जा रही है तथा जहां भी मच्छरों का लार्वा पाया जा रहा है, वहां कंटेनरों को खाली कर लार्वानाशी कीटनाशी (बीटीआई) का छिड़काव कर लार्वा का विनिष्टीकरण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनवरी से जून 2026 की अवधि में जिले में 1,06,267 घरों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 283 घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया। इसी अवधि में 3,93,269 पानी संग्रहित करने वाले कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 317 कंटेनरों में लार्वा मिलने पर तत्काल बीटीआई का उपयोग कर लार्वा नष्ट किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा नियमित रूप से लार्वा सर्वे, फीवर सर्वे तथा लार्वानाशी दवा का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं शहरी क्षेत्रों में स्थानीय फील्ड वर्करों द्वारा वार्ड स्तर पर सर्वेक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। नारे लेखन, पंपलेट वितरण एवं अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों के जरिए आमजन को मच्छर जनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में पानी संग्रहित करने वाले सभी बर्तन एवं कंटेनरों को हमेशा ढंककर रखें। पानी की टंकियों, कूलर, बाल्टी, ड्रम, फूलदान, गमलों तथा अन्य पात्रों की नियमित साफ-सफाई करें। घर एवं आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें तथा छतों पर रखे अनुपयोगी टायर, डिब्बे, गमले एवं अन्य वस्तुओं में पानी एकत्र न होने दें। घरों में मच्छररोधी जाली लगाएं, पूरी बांह के कपड़े पहनें तथा दिन एवं रात में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी आग्रह किया है कि यदि परिवार के किसी सदस्य को बुखार आए तो तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र अथवा स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क कर रक्त की जांच अवश्य कराएं। डेंगू की एलाइजा जांच जिला चिकित्सालय में निःशुल्क उपलब्ध है। विभाग ने नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने एवं मच्छरजनित रोगों की रोकथाम में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP