नीलकंठ मार्ग पर पहाड़ी ढलान में फंसी युवती, पुलिस-SDRF ने रेस्क्यू कर बचाया
दुर्गम ढलान पर कड़ी मशक्कत के बाद 24 वर्षीय युवती को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया, हरियाणा की रहने वाली है युवती
नीलकंठ-लक्ष्मणझूला मार्ग पर गुफा के समीप शुक्रवार को एक युवती सड़क से नीचे खड़ी पहाड़ी ढलान में फंस गई। सूचना मिलते ही लक्ष्मणझूला पुलिस और एसडीआरएफ ढालवाला की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर युवती को सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि गरुड़ चट्टी से आगे नीलकंठ मार्ग पर एक युवती पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के समीप दुर्गम ढलान में फंस गई है। सूचना पर एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर युवती काफी नीचे खड़ी और जोखिम भरी पहाड़ी ढलान पर फंसी हुई थी तथा भयभीत अवस्था में थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू शुरू किया। एसडीआरएफ जवानों ने रोप रेस्क्यू तकनीक और सुरक्षा उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक पहाड़ी से नीचे उतरकर युवती तक पहुंच बनाई। टीम ने युवती को ढांढस बंधाया और सुरक्षित तरीके से उसे पहाड़ी से ऊपर लाकर नीलकंठ मार्ग की सड़क तक पहुंचाया।
रेस्क्यू की गई युवती की पहचान (उम्र 24), निवासी हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद युवती को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक सुरेंद्र नेगी के साथ अर्जुन, किशोर, रमेश भट्ट, मनमोहन, संदीप और दीपक शामिल रहे। टीम की तत्परता और साहस के चलते युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।