पुरोला में बिजली संकट के खिलाफ व्यापार मंडल का धरना प्रदर्शन, विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग
पुरोला। नगर क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित विद्युत आपूर्ति के विरोध में व्यापार मंडल पुरोला ने शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार ने कहा कि लंबे समय से नगर और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। इससे व्यापारियों के साथ ही छोटे उद्योगों, होटल व्यवसायियों, छात्रों और आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने कहा कि अनियमित विद्युत आपूर्ति का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है। बिजली के अभाव में कारोबार प्रभावित होने के साथ लोगों के दैनिक कार्य भी बाधित हो रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद विद्युत व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है।
धरना प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल ने विद्युत व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग उठाई। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।
वहीं, बिजली व्यवस्था को लेकर प्रशासन और विद्युत विभाग के स्तर पर भी बैठक हुई, जिसमें आरडीएसएस योजना के कार्यों को लेकर शटडाउन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
#पुरोला #बिजलीसंकट #व्यापारमंडल #विद्युतविभाग #बिजलीकटौती #धरनाप्रदर्शन #अंकितपंवार #पुरोलासमाचार #उत्तरकाशी #विद्युतआपूर्ति #उत्तराखंडसमाचार #PahadSandesh #PahadSandeshNews