नागरिक सुरक्षा में लापरवाही स्वीकार नहीं: पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली
चिन्यालीसौड़ में सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के संचालन में शिथिलता का आरोप, एसपी उत्तरकाशी को पत्र भेजकर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
चिन्यालीसौड़। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली ‘श्याम’ ने नगर की नागरिक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और निराश्रित गौवंश के प्रवेश नियंत्रण को लेकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पालिका की ओर से थाना धरासू में अत्याधुनिक सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था, जिसका लोकार्पण 7 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में किया गया था।
पालिका अध्यक्ष के अनुसार, व्यापार मंडल और पुलिस की ओर से लंबे समय से मांग किए जाने के बाद पालिका ने जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आधुनिक सिस्टम स्थापित कराया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्व में हुई बड़ी चोरियों तथा अब तक अनसुलझी घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सिस्टम लगाया गया।
मनोज कोहली ने आरोप लगाया कि थाना नालूपानी शिफ्ट होने के बाद सीसीटीवी सिस्टम के संचालन में शिथिलता की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक, कैमरे आए दिन बंद रहते हैं और घटनाओं के समय अपेक्षित रूप से सक्रिय नहीं हो पाते। उन्होंने यह भी कहा कि कैमरों के AMC से संबंधित नंबर चौकी में उपलब्ध होने के बावजूद आमजन को पालिका की ओर भेज दिया जाता है।
पालिका अध्यक्ष ने चिन्यालीसौड़ में बेतरतीब पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज कोहली ने कहा कि पालिका पुलिस के साथ सहयोग के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और आगे भी सहयोग करती रहेगी, लेकिन नागरिक सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों में शिथिलता और जिम्मेदारी से दूरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस के सोशल मीडिया पेज के संचालन के लिए पुलिसकर्मी लगाया जा सकता है, तो सुरक्षा से जुड़े सीसीटीवी कंट्रोल रूम के लिए भी एक पुलिसकर्मी की तैनाती क्यों नहीं की जा सकती।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी को पत्रांक 4031, दिनांक 19 सितंबर 2026 के माध्यम से अवगत कराया गया है और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, “थाना तो ले ही गए हैं, अब चौकी भी यहां से हटा दीजिए।” हालांकि, पालिका अध्यक्ष ने पुलिस के साथ सहयोग जारी रखने की बात भी कही है। #Chinyalisaur #CCTVSurveillance #ManojKohli #UttarkashiPolice #UttarakhandPolice #ChinyalisaurNews #TrafficManagement #CivilSecurity #DharasuPolice #NagarPalikaChinyalisaur #UttarkashiNews #UttarakhandNews #CCTVControlRoom #PublicSafety
Puraula, Uttarkashi | Sep 20, 2026