सीएचसी कोथावां में आयोजित होगा इको-फ्रेंडली 'महा-मंगल' भंडारा, प्लास्टिक मुक्त आयोजन बनेगा मिसाल
.
#हरदोई: सनातन संस्कृति में सेवा, दान और परोपकार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 16 जून 2026 (मंगलवार) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोथावां में भव्य 'महा-मंगल' भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन के मुख्य अतिथि बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा होंगे।
भंडारे की तैयारियों के बीच मंगलमय अभियान के संयोजक डॉ. राम कुमार तिवारी ने सीएचसी कोथावां का दौरा कर अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा एवं उनकी टीम का मंगलमय पटका पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई।
इस वर्ष का महा-मंगल भंडारा कई मायनों में खास होगा। डॉ. विपुल वर्मा ने बताया कि पूरा आयोजन प्लास्टिक एवं पॉलीथिन मुक्त रखा जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रसाद ग्रहण करने के लिए अपने साथ स्टील या मिट्टी के बर्तन लेकर आएं, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके।
डॉ. वर्मा ने कहा कि ज्येष्ठ मास की भीषण गर्मी में रिक्शा चालकों, मजदूरों, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को शुद्ध पेयजल, शीतल पेय एवं पौष्टिक प्रसाद उपलब्ध कराना भंडारे का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, सहयोग और सनातन संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करते हैं।
उन्होंने हरदोई जनपद के अन्य भंडारा आयोजकों से भी पर्यावरण-अनुकूल एवं प्लास्टिक मुक्त आयोजन करने की अपील की।
कार्यक्रम की सफलता के लिए सीएचसी कोथावां का पूरा स्टाफ उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटा हुआ है। डॉ. विपुल वर्मा ने विशेष रूप से रवि भूषण सिंह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कइयों ने मंगलमय अभियान में सेवा और पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जब सामाजिक सेवा के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प जुड़ता है, तभी राष्ट्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
"हर दिन मंगल हो, हर मंगल बड़ा मंगल हो, बड़ा मंगल से राष्ट्र मंगल हो।"
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jun 15, 2026