राजद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप, दोबारा चुनाव कराने की उठाई मांग
जहानाबाद : चुनावी प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर राष्ट्रीय जनता दल का विरोध शुक्रवार को सड़क पर दिखा। राजद कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर चौक के समीप मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया। पार्टी की ओर से बिहार सहित विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। राजद ने 25 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी।
पुतला दहन कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राहुल कुमार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की गई है। उनके अनुसार एसआइआर को लेकर पिछले कई महीनों से विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं, लेकिन इन आपत्तियों का संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
विधायक ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के कारण राजद और उसके नेता तेजस्वी यादव को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखेगी। राहुल कुमार ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की भूमिका की जांच की मांग भी उठाई और मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं का वोट सबसे महत्वपूर्ण है और चुनाव प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बनाए रखना जरूरी है। राजद नेताओं ने बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता की समीक्षा करते हुए आवश्यक होने पर दोबारा चुनाव कराने की मांग भी रखी।
मखदुमपुर विधायक ने भी चुनाव आयोग पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा जिन मुद्दों को लेकर राजनीतिक दल सवाल उठा रहे हैं, उनका स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के निवर्तमान जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर ने की। इस दौरान जिला परिषद सदस्य आभा रानी, परमहंस राय, डॉ. शशिरंजन उर्फ पप्पू यादव, विनोद यादव, सूर्यदेव यादव, धर्मपाल यादव, मनोज यादव, मृत्युंजय सिंह यादव, पिंटू उर्फ छोटू यादव, सुमन सिद्धार्थ, रूबी राज, गुड़िया देवी, मुंगेश्वर यादव, शैलेश कुमार, पप्पू मल्लिक, नौशाद आलम, चांद आलम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद