सदर अस्पताल की व्यवस्था पर स्वास्थ्य सचिव नाराज, रेफर कम करने का निर्देश
जहानाबाद : स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने शुक्रवार को सदर अस्पताल जहानाबाद का अचानक निरीक्षण कर वहां की चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। सचिव के अचानक अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में भी सक्रियता बढ़ गई। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, चिकित्सा कक्षों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी टी. वाई. भूटिया भी मौजूद रहीं। स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, साफ-सफाई और चिकित्सा संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान कुछ व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने असंतोष जताया। उन्होंने सिविल सर्जन को आवश्यक कमियों को दूर करने और अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया।
सचिव ने सदर अस्पताल से बड़ी संख्या में मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजे जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों से रेफरल के कारणों की जानकारी ली। कहा कि जिन मरीजों का उपचार सदर अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सकों के माध्यम से किया जा सकता है, उन्हें केवल आवश्यकता के आधार पर ही उच्च चिकित्सा संस्थान भेजा जाए। अनावश्यक रेफरल से मरीजों और उनके स्वजन को अतिरिक्त परेशानी होती है।
उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय संसाधनों और विशेषज्ञ सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया। साथ ही मरीजों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि सदर अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर और सहज चिकित्सा सुविधा देना अस्पताल प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के क्रम में अस्पताल परिसर की स्वच्छता, वार्डों की स्थिति, मरीजों की सुविधाओं और उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की भी जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कमियों को चिह्नित कर समयबद्ध तरीके से सुधार कराने का निर्देश दिया।
बाद में स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि सदर अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल कुछ व्यावहारिक कठिनाइयां हैं। निर्माण पूरा होने के बाद अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि दिसंबर तक नए भवन में सदर अस्पताल का संचालन शुरू होने की संभावना है। इसके मद्देनजर अधिकारियों को अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी करने और नए भवन में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है।