बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रानी एक पंचायत स्थित नारेपुर धर्मपुर गांव में रविवार शाम को सेवानिवृत्त शिक्षक रंजन कुमार राय के निधन के बाद द्वादश कर्म के दिन श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इलाके के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभा में शिक्षक-शिक्षिका, प्रधानाध्यापक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और अन्य सेवानिवृत्त शिक्षक शामिल हुए। सभी ने दिवंगत रंजन कुमार राय के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
रंजन कुमार राय पिछले दो वर्षों से पैरालिसिस की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका निधन 3 जून, बुधवार को हृदयगति रुक जाने के कारण हो गया था।
शिक्षक रंजन कुमार राय ने 16 अप्रैल 2007 को मध्य विद्यालय भीखमचक में नियोजित शिक्षक के रूप में अपनी पहली सेवा शुरू की थी। उन्होंने लगभग आठ वर्षों तक वहां अध्यापन कार्य किया। इसके बाद उन्होंने मध्य विद्यालय नारेपुर धर्मपुर में योगदान दिया, जहां से वे सेवानिवृत्त हुए थे।
श्रद्धांजलि सभा में मध्य विद्यालय नारेपुर धर्मपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक संदीप कुमार, शिक्षक संघ के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष साकेत कुमार सिंह, पूर्व संकुल समन्वयक डॉ. मनोरंजन कुमार राय, शिक्षक हिमांशु कुमार राय, प्रवीण कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं अनुमंडल प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव देवनीति राय, सेवानिवृत्त शिक्षक महेश्वर भक्त और उमेश चंद्र झा सहित कई लोग उपस्थित थे।
अनुमंडल प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव देवनीति राय, पूर्व संकुल समन्वयक डॉ. मनोरंजन कुमार राय और सेवानिवृत्त शिक्षक महेश्वर भक्त ने दिवंगत रंजन कुमार राय की सेवाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि रंजन कुमार राय ने ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दीं।
उन्होंने ने बताया कि रंजन कुमार राय ने शिक्षा जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने बीआरपी की भूमिका निभाते हुए कई प्रशिक्षणों का आयोजन किया और अपने कार्य के प्रति सजग रहे, जिससे शिक्षा विभाग में उनका कार्य सराहनीय रहा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अतिथियों ने दिवंगत रंजन कुमार राय के पुत्र दीपक कुमार, अंकित कुमार और अभिनव कुमार को सांत्वना दी और ढाढस बढ़ाया।
Bachhwara, Begusarai | Jun 14, 2026