घर से निकला ढाई साल का मासूम, दो घंटे बाद पहुंचा मां की गोद में,
कोतवाली पुलिस की सूझबूझ से गुमशुदा बालक सकुशल परिजनों को सौंपा।
हिण्डौन सिटी। झारेड़ा रोड पर खेलते-खेलते घर से निकला ढाई साल का मासूम करीब दो घंटे बाद सकुशल अपने परिजनों के पास पहुंच गया। कोतवाली थाना पुलिस की तत्परता और सूझबूझ के चलते मासूम को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, रोहन धाकड़ पुत्र लक्की धाकड़, उम्र करीब ढाई वर्ष, निवासी झारेड़ा रोड, हिण्डौन सिटी, खेलते-खेलते घर से निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी बालक का पता नहीं चलने पर परिजन परेशान हो गए।
इसी दौरान रोडवेज बस स्टैंड से गुमशुदा बालक के संबंध में सूचना कोतवाली पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थानाधिकारी महेंद्र सिंह और कांस्टेबल योगेश सक्रिय हुए और बालक को सुरक्षित थाने लेकर आए।
पुलिस ने बालक की पहचान और परिजनों तक पहुंचने के लिए व्हाट्सएप एवं सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुपों में गुमशुदा बालक की सूचना प्रसारित की। सूचना तेजी से प्रसारित होने के बाद बालक की पहचान रोहन धाकड़ के रूप में हुई और इसकी जानकारी उसके परिजनों तक पहुंची।
सूचना मिलते ही बालक की मां गीता देवी रोते-बिलखते कोतवाली थाने पहुंचीं। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और पहचान की पुष्टि के बाद मासूम रोहन को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
मां की गोद में पहुंचते ही मासूम को देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
कोतवाली थानाधिकारी महेंद्र सिंह और कांस्टेबल योगेश की तत्परता, सूझबूझ और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल से ढाई साल का मासूम सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका।