* उदयपुर में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार, SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिटेन
जयपुर, ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो इंटेलीजेंस यूनिट, उदयपुर द्वारा आज कार्यवाही करते हुए श्री सज्जन सिंह को 2,00,00,000 रुपये (दो करोड़ रुपये) की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। साथ ही, श्री मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एस.ओ.जी., उदयपुर को उनके निवास स्थल जिला बालोतरा से डिटेन किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. इंटेलीजेंस यूनिट, उदयपुर को एक शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत में बताया गया कि उदयपुर नगर निगम के 272 भूखण्ड के बहुचर्चित प्रकरण संख्या 97/2022 में पूर्व में गिरफ्तार आरोपीगण को दर्ज मुकदमों में राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने तथा गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के घर से बरामद ऐसे दस्तावेज, जिन्हें जब्त नहीं किया गया था, वापस लौटाने की एवज में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत राशि श्री सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला, दलाल के माध्यम से श्री मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा मांगी जा रही थी।
शिकायत के संबंध में रिश्वत राशि की मांग का सत्यापन किया गया, जिसमें वार्ता के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। सत्यापन के पश्चात आज दिनांक 26.09.2026 को ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी श्री सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को परिवादी की फैक्ट्री से 2 करोड़ रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। बरामद राशि में 4 लाख रुपये भारतीय चलन मुद्रा हैं । वहीं, श्री मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एस.ओ.जी., उदयपुर की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें उनके निवास स्थल जिला बालोतरा से डिटेन किया गया। उनसे आवश्यक पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।
डॉ. रामेश्वर सिंह, उपमहानिरीक्षक पुलिस, ए.सी.बी. के सुपरविजिन में .
एवं श्री गोपालस्वरूप मेवाड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त प्रभार ब्यूरो चौकी इंटे., उदयपुर के निर्देशन में ए.सी.बी. इंटेलीजेंस यूनिट, उदयपुर की पुलिस उप अधीक्षक डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में टीम द्वारा कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस परिमला के सुपरवीजन में गिरफ्तार आरोपी श्री सज्जन सिंह जैन से पूछताछ तथा संदिग्ध श्री मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एस.ओ.जी. उदयपुर के संबंध में अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में धारा 7, 7ए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (यथा संशोधित 1988) एवं धारा 61(2) बी.एन.एस. 2023 के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
-किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण ( अभियोग, प्राथमिक जांच, आदि) दर्ज होने पर , ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है।
प्रस्तुत स्पष्टीकरण के ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण के उपरांत ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्य प्रणाली का हिस्सा है।
यह जानकारी एसीबी के डर से धोखाधड़ी आदि के शिकार होने की संभावना के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।