मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. बघेल द्वारा पेटलावद विकासखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेमलिया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं एवं राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) असेसमेंट की तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बघेल ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन करते हुए दवाइयों की उपलब्धता, वार्डों की व्यवस्थाएं, लेबर रूम, रिकॉर्ड संधारण एवं विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वच्छता, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा भी की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा में सर्पदंश उपचार हेतु एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता पाई गई। डॉ. बघेल ने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सर्पदंश के मामलों को ध्यान में रखते हुए एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित की जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, नियमित टीकाकरण के महत्व, नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्तनपान के लाभ, प्रसव उपरांत जांच तथा परिवार नियोजन संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की।
डॉ. बघेल ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार रखें तथा सभी मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना विभाग की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सीपीएचसी सलाहकार श्री कैलाश चरपोटा एवं जिला क्वालिटी मॉनिटर सुश्री शेरोन विलसन भी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP
7 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Jun 6, 2026