#बालाघाट
एफडीडीआई छिंदवाड़ा ने बालाघाट के स्कूलों में किया करियर काउंसलिंग सेमिनार
फैशन, फुटवियर डिजाइनिंग और रिटेल मैनेजमेंट में रोजगार व स्वरोजगार की संभावनाओं से कराया परिचित
विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ नए एवं रोजगारपरक क्षेत्रों की जानकारी देने के उद्देश्य से फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) छिंदवाड़ा द्वारा बालाघाट शहर के विभिन्न विद्यालयों में करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय से संबद्ध एफडीडीआई के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को फैशन डिजाइनिंग, फुटवियर डिजाइनिंग एवं रिटेल मैनेजमेंट के क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एफडीडीआई छिंदवाड़ा की प्रतिनिधि श्रीमती पूजा राजपूत ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए इन क्षेत्रों में उच्च शिक्षा, रोजगार तथा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि फैशन, फुटवियर और रिटेल उद्योग में डिजाइनिंग के साथ-साथ प्रबंधन, उत्पादन, विपणन एवं अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को एफडीडीआई में प्रवेश की प्रक्रिया तथा ऑल इंडिया सिलेक्शन टेस्ट के संबंध में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया एवं करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया गया।
करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय विद्यालय, संदीपनी विद्यालय तथा पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बूढ़ी, बालाघाट में किया गया। विद्यार्थियों ने सेमिनार में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और फैशन डिजाइनिंग, फुटवियर डिजाइनिंग एवं रिटेल मैनेजमेंट जैसे अपेक्षाकृत नए करियर क्षेत्रों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
आयोजकों ने बताया कि इन क्षेत्रों में सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की भी संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8839697772 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump