अवैध पटाखा फैक्ट्री पर रेड, CIA ने पकड़ी पटाखों की बड़ी खेप
करनाल। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही अवैध रूप से पटाखे बनाने और स्टोर करने का सिलसिला शुरू हो गया है। करनाल के गांव मोदीपुर में पुलिस की CIA टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों की खेप बरामद की है।
बताया जा रहा है कि गांव मोदीपुर में बंद पड़े एक मुर्गी फार्म के अंदर अवैध तरीके से पटाखे तैयार किए जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद CIA पुलिस टीम ने मौके पर रेड की और वहां बनाए जा रहे तथा रखे गए पटाखों को कब्जे में लिया।
दिवाली के नजदीक आते ही पटाखों का अवैध कारोबार और निर्माण शुरू होने की सूचना पर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मौके से बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पटाखों का निर्माण कब से किया जा रहा था और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
अवैध रूप से पटाखे बनाने की प्रक्रिया बेहद जोखिमपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि पटाखों में इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील सामग्री के कारण आग और विस्फोट का खतरा बना रहता है। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पटाखा निर्माण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है।
Safidon, Jind | Sep 16, 2026