छठ पर्व को लेकर डीएम और एसपी ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण
चकसुरगाही,जगदीशपुर कोठिया, महादेवा एवं सुरगाही घाटों का किया निरीक्षण; श्रद्धालुओं से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण छठ मनाने की अपील।
शिवहर:लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, शिवहर प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक,मो ०मोहिबुल्ला अंसारी,शिवहर द्वारा तरियानी प्रखंड अंतर्गत सुरगाही ग्राम पंचायत क्षेत्र के चकसुरगाही, जगदीशपुर कोठिया, महादेवा एवं सुरगाही घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, संपर्क पथ, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
घाटों एवं संपर्क पथों की समुचित साफ-सफाई : सभी घाटों, सीढ़ियों एवं आने-जाने वाले रास्तों की सफाई सुनिश्चित करने तथा कचरे का ससमय उठाव कराने का निर्देश दिया गया। फिसलन वाले स्थानों पर आवश्यक सुधार कर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने को कहा गया।
जल की गहराई एवं स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर सुरक्षित अर्घ्य क्षेत्र चिह्नित करने तथा आवश्यक बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया। गहरे पानी एवं खतरनाक स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी संकेत लगाने को कहा गया।
घाटों तथा संपर्क मार्गों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विद्युत तारों एवं उपकरणों की सुरक्षा की जाँच कराने तथा खुले अथवा असुरक्षित तारों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया।
स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप पेयजल, अस्थायी शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाओं तथा आकस्मिक चिकित्सा सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस एवं बचाव दल की त्वरित उपलब्धता के लिए संबंधित विभागों को समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
संबंधित पदाधिकारियों को घाटवार व्यवस्थाओं की नियमित जाँच करने तथा पाई गई कमियों को ससमय दूर करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित कार्यों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
घाटों तथा महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।
अधिक भीड़ वाले स्थानों पर प्रवेश एवं निकास को सुव्यवस्थित रखने तथा रास्तों को अवरोधमुक्त बनाए रखने का निर्देश दिया गया। वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थानों पर कराने एवं आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग खुला रखने को कहा गया।
अफवाहों तथा भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस पदाधिकारियों को प्रशासनिक पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
आम जनता से सुरक्षित छठ मनाने की अपील
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ देते हुए अपील की कि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएँ तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
दोनों पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की केवल चिह्नित एवं सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य दें। बैरिकेडिंग पार न करें तथा गहरे पानी में जाने और तैरने से बचें।बच्चों को पानी के निकट अकेला न छोड़ें तथा वृद्धजनों एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं की सहायता करें।
घाटों एवं आवागमन के रास्तों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएँ। धक्का-मुक्की से बचें और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
घाटों, जलस्रोतों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें। प्लास्टिक तथा अन्य कचरा पानी में न डालें।
विद्युत तारों एवं उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। घाटों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आतिशबाजी से बचें।
अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अपुष्ट संदेश साझा न करें। किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल निकटतम प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी या पुलिस पदाधिकारी को दें।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों एवं स्वयंसेवकों से व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की, ताकि श्रद्धा एवं आस्था का यह महापर्व सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।