चित्रकूट: दीपावली अमावस्या मेले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
चित्रकूट। दीपावली अमावस्या मेला-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शुक्रवार, 06 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रामघाट, निर्मोही अखाड़ा, खोया-पाया केंद्र सहित संपूर्ण मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा एवं विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं निरंतर सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती एवं स्नान घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। खोया-पाया केंद्र का जायजा लेते हुए बिछड़े बच्चों एवं श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें सकुशल परिजनों से मिलाने के निर्देश दिए।
डीएम एवं एसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने की हिदायत दी गई।
जिला प्रशासन एवं चित्रकूट पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।