विनोद आर्य के घर का जन अधिकार पार्टी और यूकेडी ने किया घेराव, पुलिस से नोकझोंक
अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद आज बुधवार को जन अधिकार पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने आर्य नगर स्थित विनोद आर्य के घर का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने घर के आसपास बैरिकेडिंग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता आर्य नगर चौक से पैदल ही विनोद आर्य के घर के बाहर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। बैरिकेडिंग हटाने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक बहस और धक्का मुक्की की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।
हेमा भंडारी ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी से जुड़ी चैट सार्वजनिक करने के पीछे वीआईपी को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि विनोद आर्य के पास चैट से जुड़ी जानकारी है तो केवल अंकिता की चैट सार्वजनिक करने के बजाय पुलकित आर्य और विनोद आर्य की भी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही विनोद आर्य के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई।
वहीं, यूकेडी नेता सरिता पुरोहित ने भी प्रदर्शन के दौरान विनोद आर्य पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अंकिता प्रकरण से जुड़ी चैट सार्वजनिक करने के मामले में विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के बजाय इसे प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, यूकेडी कार्यकर्ता आंदोलन जारी रखेंगे। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को कुछ दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया। बता दे कि रविवार को विनोद आर्य ने प्रेस वार्ता कर अंकिता भंडारी केस से जुड़ी चैट सार्वजनिक की थी और जांच पर सवाल उठाए थे।