एसजेवीएन निदेशक राजेश कुमार चंदेल ने किया रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा
- परियोजना के विद्युत उत्पादन, परिचालन, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने किया जोरदार स्वागत
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा कर परियोजना की परिचालन गतिविधियों, विद्युत उत्पादन, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा इंतजामों का विस्तृत जायजा लिया। रामपुर एचपीएस पहुंचने पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने उनका स्वागत किया और परियोजना की विभिन्न गतिविधियों, उपलब्धियों एवं वर्तमान परिचालन स्थिति से अवगत करवाया।
दौरे के दौरान निदेशक (परियोजनाएं) ने पावर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत उत्पादन की स्थिति के साथ-साथ परियोजना के परिचालन, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया और परियोजना के सुचारू, सुरक्षित एवं कुशल संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
राजेश कुमार चंदेल ने रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन के उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन तथा विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए परियोजना टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परियोजना की विश्वसनीयता एवं दक्षता को बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा मानकों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जलविद्युत परियोजना के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए तकनीकी दक्षता, बेहतर रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी भावना के साथ कार्य करते हुए परियोजना की कार्यक्षमता को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पहल के प्रति एसजेवीएन की प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए हरित पहलों को आगे बढ़ाने पर बल दिया।
इस दौरान रामपुर एचपीएस के सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Rampur, Shimla | Sep 10, 2026