उमंग हेल्थ कार्यक्रम के तहत किशोर स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार आयोजित
----
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढोढर में विद्यार्थियों को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक बदलावों तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उमंग हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार एवं जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सीईओ श्री आरसी वर्मा, श्री केशव सिंह, श्री वीर सिंह एवं डॉ. मुकेश मीणा, विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र रावत उपस्थित रहे।
डॉ. मुकेश मीणा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए इस दौरान स्वास्थ्य, खान-पान और मानसिक स्थिति का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, नियमित व्यायाम करने तथा पर्याप्त नींद लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशे एवं अन्य हानिकारक आदतों से दूर रहने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी समस्या, चिंता अथवा शारीरिक बदलाव को लेकर संकोच करने के बजाय माता-पिता, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी या चिकित्सक से खुलकर बात करनी चाहिए। समय पर सही जानकारी और उचित परामर्श प्राप्त होने से अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
श्री आरसी वर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया। वहीं विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता श्री केशव सिंह एवं श्री वीर सिंह ने भी विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य एवं भविष्य के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने किशोर स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे। चिकित्सक एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र रावत ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां विद्यार्थियों को किशोरावस्था एवं स्वास्थ्य से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
5 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026