जिले के सभी थानों में दंगा नियंत्रण की मॉक ड्रिल, उग्र भीड़ से निपटने का कराया गया अभ्यास
मुजफ्फरपुर जिले के सभी थानों में दंगा नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों और अधिकारियों को उग्र भीड़ को नियंत्रित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान बॉडी प्रोटेक्शन उपकरण, हेलमेट, शील्ड, लाठी तथा भीड़ नियंत्रण में उपयोग होने वाले अन्य संसाधनों का प्रदर्शन किया गया। पुलिसकर्मियों को आंसू गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज करने तथा भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अक्सर सड़क दुर्घटनाओं या छोटी-छोटी घटनाओं के बाद लोग सड़क जाम कर उग्र हो जाते हैं और कई बार पुलिस टीम पर हमला भी कर देते हैं। इसके अलावा शराब छापेमारी के दौरान महिलाओं को आगे कर पुलिस कार्रवाई का विरोध करने और पुलिस पर हमले की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में संयम बनाए रखते हुए कानून के दायरे में रहकर भीड़ को नियंत्रित करने की रणनीति का भी अभ्यास कराया गया।
हथौड़ी थाना में थानाध्यक्ष सतनारायण शर्मा के नेतृत्व में दंगा निवारक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान थाना में तैनात पुलिसकर्मियों ने आपातकालीन हालात से निपटने, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य जवानों की तैयारियों को परखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की क्षमता को और मजबूत बनाना है।