गाय से टकराकर 15 फीट दूर उछला कारोबारी...
घंटेभर तड़पने के बाद गई जान
स्मार्ट सिटी की सड़कों पर घूमते बेसहारा पशुओं ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। फरीदाबाद के एनआईटी-3 क्षेत्र में सड़क के बीच बैठी गाय से स्कूटी टकराने के कारण 36 वर्षीय कारोबारी आशु खत्री की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशु करीब 15 फीट दूर जाकर गिरे और लगभग एक घंटे तक सड़क पर घायल अवस्था में तड़पते रहे। बाद में लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
आशु की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी और वह दोपहिया वाहन खरीदने-बेचने का कारोबार करते थे। परिजनों ने हादसे के लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, निगम अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आवारा पशुओं को पकड़ने में परेशानी आ रही है। सवाल है—आशु की मौत का जिम्मेदार आखिर कौन है, नगर निगम या पशुपालक?