Bokaro Crime News : मंदिर, दुकान, गाड़ी… एक रात में कई वारदात, पुलिस ने दो को पकड़ा
#bokaro #BokaroNews #bokarosteelcity
Bokaro: ज़िले के चंद्रपुरा में एक ही रात में मंदिर, दुकान और घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। चंद्रपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए सामान भी बरामद किए गए हैं।
##जगन्नाथ मंदिर में भी घुसने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित जगन्नाथ मंदिर के पुजारी संतोष कुमार पंडा ने 5 अक्टूबर को चंद्रपुरा थाना में संयुक्त शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक 3-4 अक्टूबर की रात बदमाशों ने जगन्नाथ मंदिर का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया और सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया।
##दुकान और वाहनों को भी बनाया निशाना
इसी रात राजेश कुमार राय की कैटल फीड दुकान का शटर और ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया गया। इसके अलावा विक्रांत पासवान और अरुण किस्कू के घर के सामने खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी की बैटरी भी चुरा ली गई। बुधनी नामक व्यक्ति का वीवो मोबाइल भी चोरी किया गया। पाईप साइड स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसने और चोरी का प्रयास करने की बात भी शिकायत में कही गई है।
##दो आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले में चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 114/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी टीम ने कार्रवाई करते हुए सूरज कुमार (21) और उदय कुमार (26) को गिरफ्तार किया। दोनों वर्तमान में चंद्रपुरा के झिंझिरघुट स्थित लुसु मांझी के किराये के मकान में रह रहे थे।
##बैटरी से लेकर बिस्कुट-तेल तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक लाल एक्साइड और एक सफेद एमरॉन बैटरी, ड्रिल मशीन, दो लोहे की हथौड़ी, करीब दो फीट लंबा लोहे का पाइप, तांबे के तार की दो कॉयल, वीवो एंड्रॉयड मोबाइल, सोबिस्को मैरी बिस्कुट के 12 पैकेट और महाकोश रिफाइंड सोयाबीन तेल के सात पैकेट बरामद किए।
##पहले भी दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस के मुताबिक सूरज कुमार के खिलाफ चंद्रपुरा थाना में वर्ष 2023 और 2024 में चोरी समेत पांच मामले दर्ज हैं। इनमें धनबाद रेल थाना का एक मामला भी शामिल है। वहीं उदय कुमार के खिलाफ चंद्रपुरा थाना में वर्ष 2022 में चोरी के दो मामले दर्ज हैं।
##क्यूआरटी के साथ थाना पुलिस ने की कार्रवाई
छापेमारी टीम में चंद्रपुरा थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह के अलावा अमरजीत कुमार, कुंदन कुमार पासवान, जितेंद्र कुमार, रंजन कुमार सहित क्यूआरटी के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदातों का उद्भेदन करने का दावा किया है।
Chas, Bokaro | Oct 5, 2026