पंचायत चुनाव : गुरुवार से खुलेगा नामांकन का दरवाजा, टिकट के लिए बंद कमरों में घमासान!
उदयपुर। गांव की सरकार चुनने का काउंटडाउन शुरू हो गया है। गुरुवार से जिला परिषद और प्रथम चरण में शामिल पंचायत समितियों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी रण में चेहरे उतरने लगेंगे। 13 अक्टूबर तक पर्चे दाखिल होंगे, लेकिन टिकट की जंग इससे पहले ही तेज हो चुकी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों में दावेदारों की लंबी कतार है। बंद कमरों में बैठकों का दौर चल रहा है और हर सीट पर जीत की संभावना वाले चेहरे तलाशे जा रहे हैं।
पार्टी के चुनाव प्रभारी गांव-गांव पहुंचकर दावेदारों की जमीनी पकड़, स्थानीय समीकरण और जीत की संभावनाओं का फीडबैक जुटा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस ने अभी प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। ऐसे में टिकट की दौड़ में शामिल नेताओं की नजर अब पार्टी की सूची पर टिकी है। राजनीतिक गलियारों में नवरात्रि के पहले दिन प्रत्याशियों की सूची जारी होने की चर्चा है, हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा।
जिला परिषद की राजनीति में भी टिकट को लेकर हलचल तेज है। भाजपा से चंद्रगुप्त सिंह चौहान और कांग्रेस से लाल सिंह झाला के नाम चर्चा में हैं। इनके अलावा कई नए चेहरे भी जिला परिषद और पंचायत समिति की सीटों पर दावेदारी जता रहे हैं। कुछ नेताओं के लिए यह पहली बड़ी चुनावी परीक्षा होगी तो कुछ पुराने राजनीतिक समीकरणों के सहारे मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
भाजपा देहात अध्यक्ष पुष्कर तेली के सामने पंचायत चुनाव में दोहरी चुनौती मानी जा रही है। गोगुंदा उनका क्षेत्र है, जहां संगठन की पकड़ बनाए रखने के साथ पूरे उदयपुर देहात में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी सामने है। वहीं कांग्रेस में पूर्व सांसद रघुवीर मीणा की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। टिकट वितरण से लेकर नाराज दावेदारों को साधने तक पार्टी नेतृत्व के सामने कई चुनौतियां रहेंगी।
गुरुवार से नामांकन शुरू होते ही चुनावी तस्वीर तेजी से बदलने लगेगी। 13 अक्टूबर तक पर्चे दाखिल होंगे और इसके बाद कई सियासी पत्ते खुलेंगे। किसे पार्टी का सिंबल मिलेगा, कौन टिकट से चूकेगा और कौन निर्दलीय मैदान में उतरकर समीकरण बिगाड़ेगा, इसका जवाब आने वाले दिनों में सामने आएगा। #udaipur #news #chunav #rajasthan #panchayat
Girwa, Udaipur | Oct 7, 2026