*प्रेस विज्ञप्ति**
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 02 अक्टूबर 2026
*गांधी जयंती पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम*
*स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी की अपील*
मधेपुरा, 02 अक्टूबर 2026।
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के निदेशानुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन एवं वन स्टॉप सेंटर, मधेपुरा के कार्यालय परिसर में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला मिशन समन्वयक मो. इमरान आलम ने कहा कि स्वच्छता केवल घर और आसपास की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं सुंदर समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को स्थायी रूप से अपनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
केंद्र प्रशासक कुमारी शालिनी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा था। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान हमें उनके स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
लैंगिक विशेषज्ञ राजेश कुमार ने कहा कि सफाईकर्मी हमारे सहयोगी हैं, लेकिन स्वच्छ समाज के निर्माण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने उपस्थित कर्मियों एवं आमजनों से कूड़ा हमेशा डस्टबिन में डालने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग रखने, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।
उन्होंने जनभागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ कम-से-कम एक अन्य व्यक्ति को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करे। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता को एक स्थायी जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।
लैंगिक विशेषज्ञ मुमताज आलम ने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली का हिस्सा है। अभिमन्यु कुमार ने स्वच्छता को समाज के प्रति सच्ची सेवा बताते हुए सभी से नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में केस वर्कर रोबिन कुमार, लक्ष्मी कुमारी, परामर्शी संगीता कुमारी, लेखा सहायक आदि सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar