हरदोई में पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
हरदोई, 09 जून 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की प्रथम पाली की लिखित परीक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से आर.आर. इंटर कॉलेज, नघेटा रोड तथा महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने शासन एवं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क, प्रतीक्षा स्थल तथा सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं सजगता के साथ करने के निर्देश दिए।