"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0"
एसपी पुनीत गेहलोद ने युवाओं संग खेला वॉलीबॉल....
खेलों से जुड़ने का दिया संदेश
खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश
खिलाड़ियों को दिलाई शपथ; युवाओं में दिखा उत्साह
देवास। जिले में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" जनजागरूकता अभियान के तहत शनिवार को वॉलीबॉल, पिट्टू और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विकासखंडों और विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद स्वयं पुलिस अधिकारियों के साथ मैदान में उतरे और खिलाड़ियों के साथ वॉलीबॉल मैच खेला। अधिकारियों को अपने बीच खेलते देखकर युवाओं का उत्साह दोगुना हो गया और पूरे आयोजन में सकारात्मक माहौल बना रहा।
इस अवसर पर एसपी पुनीत गेहलोद ने युवाओं से नशे से दूरी बनाकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। यदि युवा खेलों से जुड़ेंगे तो वे नशे जैसी बुराइयों से स्वतः दूर रहेंगे और समाज भी स्वस्थ एवं सुरक्षित बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी खिलाड़ियों को एसपी ने नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।