दलदल में कैद बिंडवा! सड़क नहीं, ट्रैक्टर के सहारे चल रही जिंदगी
मुरैना। अंबाह विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिंडवा से विकास के दावों पर सवाल खड़ा करता एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में गांव की मुख्य सड़क बारिश के बाद पूरी तरह दलदल में तब्दील दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव तक पहुंचने वाला कच्चा रास्ता बारिश में पूरी तरह कीचड़ से भर जाता है। इससे स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी होती है, जबकि बुजुर्ग और मरीज अस्पताल जाने के लिए ट्रैक्टर या अन्य साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं। कई बार चार पहिया वाहन भी रास्ते में फंस जाते हैं, जिन्हें दूसरे वाहनों की मदद से बाहर निकालना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अंबाह एसडीएम को आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी घटना के बाद ही सक्रिय होते हैं।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि समस्याओं को उठाने पर समाधान के बजाय राजनीतिक बयानबाजी सुनने को मिलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, तो बिंडवा जैसे गांव आज भी पक्की सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से क्यों वंचित हैं।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने वीडियो को अधिक से अधिक साझा कर अपनी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने की अपील की है।
#मुरैना #morena #सड़क #सांसद