कलेक्टर नेहा मीना ने कुमारियाराव सहकारी संस्था का किया निरीक्षण, राशन की गुणवत्ता और स्टॉक जांचा
देवास। कलेक्टर नेहा मीना ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित कुमारियाराव का निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था, खाद्यान्न की उपलब्धता और किसानों को दी जा रही किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीडीएस गोदाम और खाद गोदाम का जायजा लिया। गेहूं और चावल की गुणवत्ता जांचने के साथ गेहूं की बोरी का वजन भी करवाया। जिला आपूर्ति अधिकारी से राशन वितरण और शेष स्टॉक की जानकारी ली।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर राशन वितरण का फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने बताया कि दुकान समय पर खुलती है और निर्धारित मात्रा में राशन मिल रहा है। किसानों से भी क्रेडिट कार्ड और ऋण सुविधाओं को लेकर चर्चा की।
इस दौरान कलेक्टर ने संबल योजना के लंबित सत्यापन, वीबी-जी राम जी और स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की। नई आबादी क्षेत्र से जुड़ी ग्रामीणों की समस्या पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम को ग्राम रोजगार सहायकों और युवा किसानों को स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिलाने के लिए कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और राशन वितरण सहित सभी शासकीय सेवाओं में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।