भाजपा मंडल अध्यक्ष पर पत्नी को भगाकर ले जाने का आरोप, बोले- रिश्ते में भांजी लगती है; कांग्रेसियों ने भड़काया
शिवपुरी/खोड़। शिवपुरी जिले के खोड़ क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष सहदेव लोधी के खिलाफ एसपी कार्यालय में शिकायत की। शिकायत के बाद सहदेव लोधी भी महिला अवस्था लोधी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपों को नकारते हुए अपना पक्ष रखा।
रामकृष्ण ने लगाए आरोप
ग्राम करही दरगंवा निवासी रामकृष्ण लोधी का आरोप है कि उसकी पत्नी अवस्था लोधी को भाजपा मंडल अध्यक्ष सहदेव लोधी 16 सितंबर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। रामकृष्ण के मुताबिक, 18 सितंबर को सहदेव उसकी पत्नी और बच्ची सहित करीब 10-12 लोगों के साथ उसके घर पहुंचे। इस दौरान विवाद हुआ और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। युवक ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
सहदेव बोले- अवस्था रिश्ते में भांजी लगती है
वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष सहदेव लोधी ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि अवस्था लोधी उनकी रिश्ते में भांजी लगती है। उनका दावा है कि अवस्था का अपने पति रामकृष्ण के साथ विवाद चल रहा था और उसके साथ मारपीट तथा पैसों की मांग की जाती थी। इसी से परेशान होकर अवस्था घर से गई थी। सहदेव ने आरोप लगाया कि बाद में कांग्रेसियों ने उसे भड़काया।
महिला ने पति पर लगाए मारपीट और दहेज मांगने के आरोप
अवस्था लोधी ने भी अपने पति रामकृष्ण पर मारपीट और दहेज की मांग करने के आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार, पति के व्यवहार से परेशान होकर वह घर से गई थी।
महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ FIR
इधर, भौंती थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति रामकृष्ण लोधी के खिलाफ दहेज की मांग से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
P.NEWZ INDIA | पत्रकार राम मनोहर मिश्रा
नोट: दोनों पक्षों के आरोपों को उनके बयानों के आधार पर प्रस्तुत किया गया है। मामले की अंतिम स्थिति पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी।