विश्व पर्यावरण दिवस शारदा टेकरी में बृहद पौधारोपण अभियान आयोजित
डिंडौरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहपुरा स्थित मां शारदा टेकरी परिसर में बृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों तथा श्रमजीवी पत्रकार परिषद के सदस्यों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
100 से अधिक पौधों का रोपण
अभियान के तहत मां शारदा टेकरी परिसर में 100 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया। आयोजकों ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूरी : ओमप्रकाश धुर्वे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील : जनपद अध्यक्ष
जनपद पंचायत शहपुरा अध्यक्ष प्रियंका आर्मो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष केवल शुद्ध वायु ही नहीं प्रदान करते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
हरित नगर निर्माण में नागरिकों की भूमिका अहम : नगर परिषद अध्यक्ष
नगर परिषद शहपुरा अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ और हरित नगर का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझे। उन्होंने नगर क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण सामाजिक जिम्मेदारी : बिहारी साहू
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बिहारी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
29 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 5, 2026